पावरग्रिड पश्चिमी क्षेत्र-I ने अंतर-क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का खिताब जीता
Published on 28 October 2026
नागपुर, 28 अक्टूबर 2026। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) की अंतर-क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 में पश्चिमी क्षेत्र-I ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नागपुर के काटोल रोड स्थित शिवाजी स्टेडियम में खेला गया। 26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में पश्चिमी क्षेत्र-I ने दक्षिणी क्षेत्र-I को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में कॉर्पोरेट कार्यालय ने उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र को पराजित किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में दक्षिणी क्षेत्र-I ने उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
रोमांचक फाइनल में पश्चिमी क्षेत्र-I ने कॉर्पोरेट कार्यालय को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। पश्चिमी क्षेत्र-I के शिव को फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द फाइनल मैच’ चुना गया। वहीं, कॉर्पोरेट कार्यालय के प्रवीण कुमार को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
इसके अलावा, दक्षिणी क्षेत्र-I के चुक्का लावन कुमार को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के राजपाल दारा को सर्वश्रेष्ठ अटैकर और पश्चिमी क्षेत्र-I के मयूरेश कोलेकर को सर्वश्रेष्ठ सेटर का पुरस्कार मिला।
विजेता टीम को पश्चिमी क्षेत्र-I के कार्यकारी निदेशक अशोक कुमार बेहेरा ने ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खेल भावना, समर्पण और सांघिक सहयोग की सराहना की। पुरस्कार वितरण और धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ।