गोवंशीय पशुओं को क्रूरता से बांधने का मामला ₹1.60 लाख का माल जब्त
Published on 24 October 2026
नागपुर के नवीन कामठी पुलिस थाना क्षेत्र से गोवंशीय पशुओं के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। पुलिस ने आठ गोवंशीय पशुओं को कथित तौर पर निर्दयतापूर्वक और तंग जगह में बांधकर रखने के मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजकर 30 मिनट पर नवीन कामठी पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि पुलिस थाना क्षेत्र के हदीत आवड़ी के पास स्थित नहर परिसर में यशपाल शर्मा के खेत के नजदीक कुछ गोवंशीय पशुओं को कथित तौर पर कत्ल के उद्देश्य से बांधकर रखा गया है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में संबंधित स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान मौके पर कुल आठ छोटे-बड़े गोवंशीय पशु बेहद तंग जगह में ठूंसकर बंधे हुए मिले। पुलिस के अनुसार, पशुओं को चारा और पानी उपलब्ध कराए बिना क्रूरता से बांधकर रखा गया था।
जांच के दौरान पशुओं को कत्ल के उद्देश्य से बांधे जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मौके से लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये मूल्य के आठ गोवंशीय पशुओं को जब्त किया।
इसके बाद सभी पशुओं को सुरक्षित देखभाल के लिए गौशाला पशुपालन बहुउद्देशीय संस्था, बिडगांव, भांडेवाड़ी में दाखिल कराया गया।
इस मामले में शिकायतकर्ता पुलिस कर्मचारी सचिन पाटील की शिकायत पर नवीन कामठी पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, 1976 के संशोधित प्रावधानों तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।