पावरग्रिड के क्षेत्रीय मुख्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ
Published on 27 October 2026
नागपुर, 26 अक्टूबर 2026। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) के पश्चिमी क्षेत्र-I के क्षेत्रीय मुख्यालय, नागपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भ्रष्टाचार के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पावरग्रिड के विभिन्न प्रतिष्ठान भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम का उद्घाटन पश्चिमी क्षेत्र-I के कार्यपालक निदेशक श्री अशोक कुमार बेहेरा ने किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई और सतर्कता संदेश का वाचन किया। इस दौरान कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी, जवाबदेही और नैतिक आचरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
सप्ताह के अंतर्गत नागपुर के पावरग्रिड चौक पर मानव श्रृंखला बनाकर भ्रष्टाचार-मुक्त भारत का संदेश दिया गया। इसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जागरूकता ध्वजों के माध्यम से लोगों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक किया। इसके बाद पावरग्रिड चौक से तथागत चौक तक वॉकथॉन निकाला गया। इसमें कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ अधिकारियों ने पावरग्रिड परिसर में ‘सत्यनिष्ठा वृक्षारोपण अभियान’ के तहत पौधारोपण किया। क्षेत्रीय मुख्यालय परिसर में जागरूकता संदेशों से युक्त स्काई बैलून भी स्थापित किया गया।
जनसामान्य तक सतर्कता और नैतिकता का संदेश पहुंचाने के लिए जागरूकता वैन को रवाना किया गया। यह वैन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर भ्रष्टाचार-मुक्त समाज, पारदर्शिता और ईमानदारी के प्रति लोगों को जागरूक करेगी। पावरग्रिड की इन पहलों का उद्देश्य कर्मचारियों और नागरिकों को उत्तरदायी, पारदर्शी एवं ईमानदार समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।