खापरखेडा में कार का दरवाज़ा अचानक खोलने से हादसा महिला की मौत चालक के खिलाफ मामला दर्ज
Published on 23 October 2026
नागपुर ग्रामीण के खापरखेडा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में कार चालक के विरुद्ध गैर-इरादतन लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे दहेगांव-कामठी रोड पर चेमरी गेट के पास साई पान ठेले के सामने हुई। फरियादी सत्तार इस्राईल छवारे (52), निवासी वार्ड क्रमांक 2, खापरखेडा, तहसील सावनेर, अपनी पत्नी शबनम सत्तार छवारे (40) के साथ मोटरसाइकिल (क्रमांक MH 40 T 7594) से घर लौट रहे थे।
उसी दौरान सड़क किनारे खड़ी कार (क्रमांक MH 40 CO 8413) में बैठे चालक ने बिना आगे-पीछे देखे अचानक दरवाज़ा खोल दिया। मोटरसाइकिल दरवाज़े से टकरा गई और दंपती सड़क पर गिर पड़े। इसी समय पीछे से आ रहे एक ट्रक का अगला पहिया शबनम छवारे के ऊपर से गुज़र गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
फरियादी और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल मैक्स अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सत्तार छवारे की शिकायत पर खापरखेडा थाने के पुलिस उपनिरीक्षक मारोती जंगीलवाड ने आरोपी कार चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) और 285 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी चालक की तलाश जारी है और मामले की आगे की जाँच चल रही है।