नागपुर में वाहन चोर गिरफ्तार पांच अपराधों का खुलासा 3.30 लाख रुपये के चार वाहन जब्त
Published on 28 October 2026
नागपुर: शहर के यशोधरानगर पुलिस थाने की टीम ने वाहन चोरी के मामले में एक 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर कुल पांच अपराधों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार दोपहिया वाहन, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को रात 1 बजे से सुबह 7 बजे के बीच यशोधरानगर थाना क्षेत्र के मेहंदीबाग पावर हाउस, शिव मंदिर के सामने, आमरे के घर के पास किराए से रहने वाले 22 वर्षीय मनीष संतोष तिवारी की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MH-49-AG-6043 को घर के सामने लॉक करके पार्क किया था। अज्ञात चोर उसे चुराकर ले गया था। इस मामले में यशोधरानगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने कन्हैया उर्फ सोनू रामभुवन शाहू (19), निवासी विजय नगर, कलमना, नागपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की वारदात कबूल की।
आगे की पूछताछ में उसने हुडकेश्वर क्षेत्र से एक होंडा यूनिकॉर्न और एक होंडा डियो मोपेड, इमामवाड़ा क्षेत्र से एक पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करने तथा कोराडी थाना क्षेत्र में एक घरफोड़ चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की। इस तरह पुलिस ने कुल पांच अपराधों का खुलासा किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यशोधरानगर पुलिस टीम ने की। मामले में आगे की जांच जारी है।