सदर पुलिस की कार्रवाई अवैध हुक्का पार्लर संचालकों के विरुद्ध मामला दर्ज
Published on 29 September 2026
नागपुर के सदर पुलिस थाने की जाँच टीम ने बैरामजी टाउन स्थित एक फ्लैट में चल रहे अवैध हुक्का पार्लर पर छापा मारकर चार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
28 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3:45 से 4:20 बजे के बीच पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आकार बिल्डर की बिल्डिंग क्रमांक 9 के फ्लैट क्रमांक 02 में अवैध रूप से हुक्का पार्लर चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान फ्लैट मालिक देवकुमार रमेश झांझोटे (41) अपने वेटर हर्ष विजय कंगाले (20), निवासी धंतोली, की मदद से ग्राहकों को सरकार द्वारा प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त हुक्का उपलब्ध कराते हुए मौके पर पकड़ा गया। वहाँ शांतिनगर निवासी लकी सुरेश आहुला (27) और यश दिनेश आहुला (27) ग्राहक के रूप में मौजूद मिले।
जाँच में सामने आया कि आरोपी बिना अनुमति, आर्थिक लाभ के लिए अपने रिहायशी फ्लैट में हुक्का पार्लर संचालित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से हुक्का पॉट, विभिन्न फ्लेवर का तंबाकूयुक्त हुक्का और अन्य सामग्री सहित कुल 12,325 रुपये का माल जब्त किया।
फ्लैट मालिक, वेटर और दो ग्राहकों के विरुद्ध सदर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के साथ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (महाराष्ट्र संशोधन अधिनियम 2018) की धारा 4अ और 21अ के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जाँच जारी है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर भेदोडकर के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक करणसिंग नागलोत, पुलिस हवलदार मोहनसिंग ठाकुर, महिला पुलिस हवलदार कविता क्षीरसागर और पुलिस अंमलदार पंकज तिवारी ने की।