श्री गजानन महाराज के दर्शन के लिए नागपुर से शेगांव पैदल दिंडी यात्रा 18 अगस्त से
Published on 13 August 2026
नागपुर: श्री संत गजानन महाराज के दर्शन के लिए नागपुर से शेगांव तक जाने वाली पैदल दिंडी यात्रा 18 अगस्त से शुरू होगी। उमरेड रोड स्थित निर्मल नगरी के श्री संत गजानन महाराज सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित यह दिंडी यात्रा का 25वां वर्ष है। यात्रा का शुभारंभ 18 अगस्त को सुबह श्री संत गजानन महाराज मंदिर से किया जाएगा। करीब 320 किलोमीटर की यह 10 दिवसीय पैदल यात्रा भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में पूरी होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में वारकरी, पताकाधारी, तालकरी, वीणेकरी, कीर्तनकार और गायक शामिल होंगे। ताल-मृदंग की गूंज, संतों के नामघोष और हरिनाम के जयघोष के बीच दिंडी शेगांव की ओर रवाना होगी।
18 अगस्त को सुबह 4 बजे श्रींची आरती के बाद सुबह 5 बजे दिंडी यात्रा का प्रस्थान होगा। इसके बाद यात्रा विभिन्न पड़ावों से होते हुए शेगांव पहुंचेगी। 19 अगस्त को बाजारगांव से जगदंबा माता मंदिर, 20 अगस्त को दत्त मंदिर तलेगांव, 21 अगस्त को दासटेकड़ी, 22 अगस्त को संत सभागृह नांदगांवपेठ, 23 अगस्त को नांदगांवपेठ से म्हैसूर, 24 अगस्त को म्हैसूर में मुकाम, 25 अगस्त को संत गुलाबबाबा आश्रम हिंगणी और 26 अगस्त को आडसूड़ में पड़ाव रहेगा। 27 अगस्त को आडसूड़ से दिंडी श्रीक्षेत्र शेगांव पहुंचेगी।
शेगांव पहुंचने के बाद दर्शन और मुकाम होगा। 28 अगस्त को सुबह 5 बजे श्री संत गजानन महाराज के दर्शन कर राखी अर्पित की जाएगी। इसके बाद सभी वारकरी नागपुर के लिए वापसी यात्रा करेंगे। दिंडी के पूरे सफर के दौरान विभिन्न स्थानों पर भजन, कीर्तन, हरिपाठ और सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा, जिससे दस दिनों की यह यात्रा भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण में पूरी होगी।
श्री संत गजानन महाराज के दर्शन के लिए आयोजित यह पैदल दिंडी केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि एकता, सेवा, अनुशासन और आध्यात्मिक संस्कारों का संदेश देने वाली भक्तिपूर्ण परंपरा है। नागपुर से शेगांव तक करीब 320 किलोमीटर की यात्रा में श्रद्धालु संत गजानन महाराज के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे। निर्मल नगरी स्थित श्री संत गजानन महाराज सेवा ट्रस्ट की ओर से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस पवित्र दिंडी यात्रा में सहभागी होने का आह्वान किया गया है।
सौजन्य: देवराव प्रधान