वाडी में जानलेवा सड़क हादसा: तेज रफ्तार दुपहिया चालक के खिलाफ मामला दर्ज, एक की मौत
Published on 14 October 2026
नागपुर के वाडी थाना क्षेत्र में मंगलवार, 13 अक्टूबर की रात अमरावती रोड स्थित वाडी फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में एक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दुपहिया वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 10.45 बजे आश्रय डागा नामक युवक अपनी दुपहिया (क्रमांक MH-49 CV-3300) पर एक साथी को पीछे बैठाकर तेज रफ्तार और लापरवाही से जा रहा था। उसने सामने चल रही दूसरी दुपहिया (क्रमांक MH-30 Q-3635) को टक्कर मार दी। इस दुपहिया को वाडी निवासी मिलिंद काशीनाथ गायधने (60) चला रहे थे। टक्कर में गायधने गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक और उसका साथी यश भी इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए।
इसके बाद आरोपी की दुपहिया सुराबर्डी, अमरावती रोड की ओर जा रही फरियादी की चारपहिया एमजी विंडसर कार (MH-49 CL-5662) से पीछे से जा टकराई, जिससे कार को नुकसान पहुंचा।
गंभीर घायल गायधने को पहले लक्ष हॉस्पिटल और फिर सीताबर्डी के एरिस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल यश और आरोपी का उपचार किंग्सवे हॉस्पिटल में जारी है।
कार सवार फरियादी आदित्य दीपक खंडेलवाल (28), निवासी लकड़गंज, नागपुर की शिकायत पर वाडी थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक कुणाल धुरट ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ब), 281 और 324 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।