यशोधरानगर पुलिस की कार्रवाई: कत्ल के लिए गोवंश ले जा रहा ट्रक पकड़ा 25 पशु मुक्त
Published on 22 October 2026
नागपुर। यशोधरानगर पुलिस ने गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक कत्लखाने ले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए 25 जीवित पशुओं को बचाया है। ट्रक सहित लगभग 17 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को रात 1:50 से 2:05 बजे के बीच मिली सूचना पर पीली नदी क्षेत्र में बुद्ध विहार के पास सार्वजनिक सड़क पर नाकाबंदी की गई। अशोक लेलैंड ट्रक (क्रमांक MH-40 CT-0440) को रोका गया तो चालक और एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
ट्रक में मौजूद क्लीनर ने अपना नाम शेख इब्राहीम कुरैशी शेख बाबू, उम्र 34 वर्ष, निवासी बंदे नवाज नगर, यशोधरानगर बताया। पंचों की मौजूदगी में जांच करने पर ट्रक में 25 गोवंशीय पशु बिना चारे-पानी के बंधे मिले। क्लीनर कोई दस्तावेज़ पेश नहीं कर सका। उसने बताया कि पशु शहजाद (35), निवासी टीपू सुल्तान चौक के हैं, जबकि फरार चालक रोहित (30), निवासी कामगार नगर, कपिल नगर है।
जब्त पशुओं की कीमत 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। उन्हें गौशाला में रखवाया गया है।
पुलिस ने चालक, क्लीनर, शहजाद और ट्रक मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 291, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ), पशु परिवहन नियम 1978 के संबंधित प्रावधानों तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 83/177 के तहत मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा, सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाळ और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक यूनुसचांद शेख के मार्गदर्शन में पोउपनि अनंत पाटील, शशिकांत नागरगोजे और अन्य पुलिसकर्मियों ने की।