यशोधरानगर पुलिस की कार्रवाई वाहन चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार चार मामलों का खुलासा
Published on 12 October 2026
नागपुर। यशोधरानगर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के चार मामलों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 2 लाख 45 हजार रुपये मूल्य के चार वाहन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से 8 अक्टूबर की रात 11:50 बजे के बीच फिरयादी फैजान समशेर खान (23), निवासी नूरी मस्जिद के पास, बेले नगर, कलमना, नागपुर ने अपनी बर्गमन मोपेड (एमएच 49 सीआर 9227, कीमत 80 हजार रुपये) ऑटोमोटिव चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक पान ठेले के बगल में लॉक कर खड़ी की थी। अज्ञात चोर उसे चुरा ले गया। शिकायत पर यशोधरानगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर आरोपी इमरान हुसैन राशिद हुसैन (22), निवासी उस्मानिया मस्जिद के पीछे, हसनबाग (वर्तमान पता: मोठा ताजबाग, सिंधीबन, सक्करदरा) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने साथी शेख सुल्तान शेख यासीन (23), निवासी फिरोज पान ठेले के सामने, सिंधीबन, मोठा ताजबाग, सक्करदरा के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की।
सघन पूछताछ में आरोपियों ने सक्करदरा थाना क्षेत्र से सुजुकी एक्सेस 125 (एमएच 49 सीपी 3379) और होंडा एक्टिवा (एमएच 49 सीटी 7946) तथा नंदनवन थाना क्षेत्र से एक्टिवा (एमएच 49 सीवी 9495) चुराने की बात भी स्वीकारी। दोनों आरोपी गिरफ्तार हैं और मामले की आगे जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह-पुलिस आयुक्त नविनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (दक्षिण) वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त (परिमंडल 5) नित्यानंद झा और सहायक पुलिस आयुक्त (कलमना) रोहित ओव्हाळ के मार्गदर्शन में की गई। टीम में वपोनि युनुसचांद शेख, दुपोनि विवेकानंद भारती, पोउपनि नीलकंठ नन्नावरे, पोहवा राजेश वासनिक, रवि आहीर तथा पोअं अमोल भेंडेकर, लक्ष्मण पडवाल, रितेश दुधे और गजानन गेडाम शामिल रहे।