नागपुर होटल में देहव्यापार का भंडाफोड़ आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज पीड़िता मुक्त
Published on 12 October 2026
नागपुर शहर पुलिस की गुन्हेशाखा ने हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में देहव्यापार कराने वाली एक महिला के खिलाफ कार्रवाई की है। सामाजिक सुरक्षा विभाग एवं अनैतिक व्यापार प्रतिबंधक दस्ते ने 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2:17 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच यह छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, दस्ते के अधिकारी और कर्मचारी गश्त पर थे, तभी उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली कि पवनपुत्र नगर स्थित चंद्रभागा सोसायटी के प्लॉट नंबर 6 में बने होटल रॉयल मेन्शन में अवैध गतिविधि चल रही है। इस पर पंचों की मौजूदगी में छापा मारा गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला समीना वसीम शेख (44), निवासी श्रीकृष्ण नगर, प्लॉट नंबर 48, नंदनवन, नागपुर, मौके पर पकड़ी गई। वह एक पीड़ित महिला को देहव्यापार के लिए प्रेरित कर, अपने आर्थिक लाभ के लिए ग्राहकों को जगह उपलब्ध कराते हुए यह कारोबार करवा रही थी। पुलिस ने एक पीड़ित महिला को मुक्त कराया, जो मध्य प्रदेश की रहने वाली है।
आरोपी के कब्जे से 2,000 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और अन्य सामग्री समेत कुल 14,590 रुपये का माल जब्त किया गया।
हुडकेश्वर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2) तथा अनैतिक देहव्यापार प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी और पीड़िता को जब्त माल सहित आगे की कार्रवाई के लिए हुडकेश्वर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त (गुन्हेशाखा) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटील तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग एवं अनैतिक व्यापार प्रतिबंधक दस्ते के अधिकारियों-कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से की।