नागपुर में हरिओम ट्रेडर्स पर मनपा का छापा, 625 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
Published on 31 August 2026
नागपुर महानगरपालिका (मनपा) ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बार फिर अपना कड़ा रुख दिखाते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मनपा के उपद्रव शोध पथक (NDS) ने लकड़गंज और गांधीबाग जोन की संयुक्त टीम के साथ मिलकर सोमवार, 31 अगस्त को एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में अवैध प्लास्टिक बरामद किया गया।
गुप्त सूचना पर हुआ एक्शन मनपा के उपद्रव शोध पथक को लकड़गंज जोन क्षेत्र में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बड़े पैमाने पर अवैध भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। जवानों ने तुरंत इसकी जानकारी एनडीएस प्रमुख वीरसेन तांबे को दी, जिन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त राजेश भगत को अवगत कराया।
वर्धमान नगर में ट्रेडर्स पर छापा उपायुक्त के मार्गदर्शन और लकड़गंज जोन के पथक प्रमुख सुशील गुप्ते तथा गांधीबाग जोन के प्रमुख नथ्थू खांडेकर के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने वर्धमान नगर स्थित ऑक्ट्रॉय फ्री जोन में स्थित ‘मेसर्स हरिओम ट्रेडर्स’ के प्रतिष्ठान पर दबिश दी।
जब्त हुआ 625 किलो प्लास्टिक, लगा जुर्माना छापेमारी के दौरान दुकान के भीतर अवैध रूप से छिपाकर रखा गया कुल 625 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद किया गया, जिसे मनपा टीम ने मौके पर ही जब्त कर लिया। मनपा अधिकारियों ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ एमपीसीबी (महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) नियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
मनपा प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल या भंडारण करने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक आक्रामक तरीके से जारी रहेगा।