नागपुर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का खुलासा महिला संचालिका और मैनेजर गिरफ्तार
Published on 3 November 2026
नागपुर में अवैध देह व्यापार के खिलाफ अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार करवाने के आरोप में एक महिला संचालिका और मैनेजर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 बजकर 16 मिनट से रात 8 बजकर 15 मिनट के बीच सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को कोतवाली थाना क्षेत्र के गणेश नगर स्थित शारदा चौक के पास वंदना अपार्टमेंट में संचालित एस.एम. स्पा सेंटर में अवैध देह व्यापार होने की गोपनीय जानकारी मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में स्पा सेंटर पर छापेमारी की। इस दौरान महिला आरोपी शाबा परवीन मुनव्वर शेख, उम्र 36 वर्ष, निवासी महाल, नागपुर और मैनेजर शेख मोहसिन मुन्ना शेख, उम्र 28 वर्ष, निवासी नंदनवन, नागपुर को कथित तौर पर एक पीड़ित महिला से आर्थिक लाभ के लिए अनैतिक देह व्यापार करवाते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके से 3 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित करीब 45 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धाराओं 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को जब्त सामग्री सहित आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस के हवाले किया गया है। मामले की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराध शाखा की सामाजिक सुरक्षा टीम ने की।