नागपुर में घरफोड़ी का पर्दाफाश क्राइम ब्रांच यूनिट 4 ने दो आरोपियों को दबोचा ₹1.84 लाख का माल जब्त
Published on 9 October 2026
नागपुर। शहर पुलिस की गुन्हे शाखा (क्राइम ब्रांच) यूनिट क्रमांक 4 ने बेलतरोडी थाना क्षेत्र में हुई घरफोड़ी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ₹1,84,900 का मुद्देमाल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को सुबह 7.30 बजे से 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 5.30 बजे के बीच बेलतरोडी थाना क्षेत्र के नरेंद्र नगर स्थित प्लॉट क्रमांक 12, साईकृपा सोसायटी (म्हाडा कॉलोनी के पास) में रहने वाले फरियादी धवल नरेंद्र कडू (42) अपने घर को ताला लगाकर काम के सिलसिले में मुंबई गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए, मुख्य दरवाज़े की कुंडी और ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने व कीमती सामान, कुल ₹4,48,000 का माल चुरा ले गया।
शिकायत पर बेलतरोडी थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(अ), 331(3) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
समानांतर जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और पुख्ता सूचना के आधार पर पवनकुमार उर्फ आलू राजेंद्र भोसले (33), निवासी नाईक नगर, एनआईटी गार्डन के पास, अजनी, तथा संदेश उर्फ संघपाल उर्फ संध्या राजू पंडागले (37), निवासी सुदामनगर, अंबाझरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी करने की बात कबूल की।
आरोपियों के पास से एक नीले रंग की बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा मोपेड, दो मोबाइल फोन और लगभग 415 ग्राम चांदी के गहने व अन्य सामान जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को मुद्देमाल सहित आगे की कार्रवाई के लिए बेलतरोडी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नविनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (गुन्हे) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त (गुन्हे शाखा) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में की गई। टीम में पुलिस निरीक्षक संजीवनी थोरात, सहायक पुलिस निरीक्षक वैभव बारंगे, उपनिरीक्षक जितेशाचारी आरवेल्ली, सफौ शेख नजीर, हवलदार पुरुषोत्तम जगनाडे, अभिषेक शनिवारे, अजय यादव, भगवती ठाकुर, देवेंद्र नवघरे, सिपाही व्यंकटेश काटवले, गोविंद देशमुख और चालक सिपाही लक्ष्मण कळमकर शामिल थे।