नागपुर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़ क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दबोचा
Published on 15 October 2026
नागपुर। नागपुर शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच के अंमली पदार्थ विरोधी पथक ने अवैध रूप से बिक्री के लिए गांजा रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से कुल 75,000 रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे से 11:50 बजे के बीच पथक के अधिकारी और कर्मचारी गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें पुख्ता सूचना मिली कि कपिलनगर थाना क्षेत्र के कामगार नगर में, रिंग रोड के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक नाले के किनारे एक टीन शेड के सामने खाली जगह पर एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए खड़ा है।
सूचना पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा, जहां बताए गए हुलिये का व्यक्ति मिला। पंचों के सामने पूछताछ में उसने अपना नाम महेश श्रीराम सांगोले, उम्र 40 वर्ष, निवासी तक्षशिला नगर, नारी गांव, कपिलनगर, नागपुर बताया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी ली गई, तो उसके पास से 1 किलो 300 ग्राम हरे रंग का तेज गंध वाला गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 65,000 रुपये है। गांजा और एक मोबाइल फोन मिलाकर कुल 75,000 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा अपने साथियों मिराज अली उर्फ पप्पू अंसारी, नदीम उर्फ बाबा अंसारी और बबलू की मदद से बिक्री के लिए लाया था। तीनों की तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 20(बी)(ii) और 29 के तहत कपिलनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को मुद्देमाल सहित कपिलनगर पुलिस को सौंप दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक भारत क्षीरसागर, रत्नाकर कोठे, पवन गजभिये, धनपत मंझरेटे और लता नारनवरे ने की।