नागपुर Auto की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत
Published on 10 October 2026
नागपुर। एमआईडीसी पुलिस थाना क्षेत्र में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9 से 9.30 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा की टक्कर से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद ऑटो चालक घायलों को मदद पहुंचाए बिना मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तुलसीराम सीताराम पाटील (60) के रूप में हुई है। वे अपने मित्र प्रभाकर खोडे के साथ हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक MH-37 H-5973) पर सवार होकर जा रहे थे। जब वे हिंगणा टी-पॉइंट से वैशाली नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर शर्मा धान्य भंडार के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात ऑटो चालक ने लापरवाही और खतरनाक ढंग से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में तुलसीराम पाटील के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि प्रभाकर खोडे के पैर में चोटें आईं। दोनों को तत्काल लता मंगेशकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तुलसीराम पाटील को मृत घोषित कर दिया। प्रभाकर खोडे का इलाज जारी है।
इस मामले में मृतक के भतीजे भूषण विश्वनाथ पाटील (44), निवासी प्लॉट नंबर 19, वैशाली नगर, हिंगणा रोड, एमआईडीसी, नागपुर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ब) और 281 के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184, 134 और 187 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने फरार ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।