Midas Hospital के Dr मुकेवार को World Cup of Endoscopy का खिताब
Published on 1 October 2026
मिडास हॉस्पिटल, नागपुर के निदेशक एवं वरिष्ठ सलाहकार डॉ. सौरभ मुकेवार ने दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित वर्ल्ड एंडोस्कोपी ऑर्गनाइजेशन (WEO) के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 'वर्ल्ड कप ऑफ एंडोस्कोपी' का खिताब जीता है। यह उपलब्धि ENDO 2026 – 5वीं वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ जीआई एंडोस्कोपी के दौरान हासिल हुई।
डॉ. मुकेवार ने "ईयूएस-गाइडेड ऑक्लूजन ऑफ पोर्टोसिस्टमिक शंट्स इन पेशेंट्स विद रिफ्रैक्टरी हेपेटिक एन्सेफैलोपैथी" शीर्षक से मिडास हॉस्पिटल में किया गया एक जटिल केस प्रस्तुत किया। इस प्रक्रिया में एंडोस्कोपिक अल्ट्रासाउंड (EUS) की मदद से उन असामान्य रक्त वाहिकाओं (पोर्टोसिस्टमिक शंट्स) को बंद किया गया, जिनके जरिए विषैले पदार्थ लिवर को बायपास कर सीधे मस्तिष्क तक पहुंचते हैं। गंभीर लिवर रोगियों में इससे बार-बार भ्रम, व्यवहार में बदलाव जैसे न्यूरोलॉजिकल लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं। यह प्रक्रिया पेट के भीतर से, न्यूनतम चीरे वाली (मिनिमली इन्वेसिव) पद्धति से की गई।
आयोजकों के अनुसार दुनिया भर से प्रस्तुत वीडियो में से शीर्ष सात का चयन किया गया, जिनमें से डॉ. मुकेवार की प्रस्तुति विजेता रही।
यह उनकी लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले उन्होंने 2022 में क्योटो (जापान) और 2024 में सियोल (दक्षिण कोरिया) में भी यह खिताब जीता था।
डॉ. मुकेवार ने कहा, "यह सफलता मेरे नाम से जुड़ी है, लेकिन मिडास की पूरी एंडोस्कोपी टीम के सहयोग के बिना संभव नहीं होती।" उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों, एनेस्थीसिया व सपोर्ट टीम तथा मरीजों के प्रति आभार जताया।
अस्पताल के अनुसार, यह सम्मान नागपुर और मध्य भारत में उन्नत एंडोस्कोपिक उपचार की उपलब्धता को दर्शाता है।