सक्करदरा में अज्ञात युवक का शव मिला पहचान की अपील
Published on 9 October 2026
नागपुर: सक्करदरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोठा ताजबाग परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। पुलिस के अनुसार यह घटना 8 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक, मोठा ताजबाग परिसर स्थित दुधिया कुआं के पास करीब 30 से 35 वर्ष की आयु का एक पुरुष बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा जारी हुलिये के अनुसार, मृतक का रंग सांवला और कद-काठी दुबली-पतली है। उसकी ऊंचाई लगभग 5 फुट 8 इंच है। शव मिलने के समय उसने नीले रंग की जींस पैंट पहन रखी थी।
इस संबंध में अस्पताल से प्राप्त चिकित्सकीय सूचना के आधार पर सक्करदरा थाने में पुलिस उपनिरीक्षक सुरेश पठाडे ने अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज किया है। मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
पुलिस की अपील: सक्करदरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उपरोक्त वर्णन वाले मृतक को पहचानता हो, तो वह तत्काल सक्करदरा पुलिस थाने से संपर्क करे, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचित किया जा सके।