शक की सजा मौत कामगार नगर की महिला की मौत में पति गिरफ्तार
Published on 3 October 2026
नागपुर के कपिलनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला की मौत के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पति पत्नी के चरित्र पर शक करता था और मारपीट करता था, जिससे गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान महिला की मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, कामगार नगर स्थित न्यू म्हाडा क्वार्टर में रहने वाली 32 वर्षीय लक्ष्मी रोशन शहाकार 30 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे घर के सामने कपड़े सुखाने जा रही थीं। इसी दौरान सीढ़ी से पैर फिसलने के कारण वह गिर गईं और उनके सिर में चोट लगी। बताया गया है कि पति ने उन्हें अस्पताल चलने को कहा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था।
1 अक्टूबर को हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले एक निजी अस्पताल और फिर मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली मेडिकल सूचना के आधार पर कपिलनगर थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान मृतका के भाई पवन शंकर मानकर (27) ने बयान दिया कि आरोपी पति रोशन किशोर शहाकार (42) अक्सर पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और उसके साथ मारपीट करता था। उनका आरोप है कि घटना के दिन भी आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट कर लक्ष्मी को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस शिकायत पर उपनिरीक्षक मेश्राम ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।