वाहन चोरी विरोधी दस्ते का एक्शन चोरी की एक्टिवा जब्त आरोपी गिरफ्तार
Published on 16 October 2026
नागपुर: नागपुर शहर पुलिस की गुन्हे शाखा के वाहन चोरी विरोधी दस्ते ने रिकॉर्डधारी आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को रात 9 से 10 बजे के बीच दस्ते के अधिकारी और कर्मचारी रिकॉर्डधारी, वांछित और फरार आरोपियों की तलाश में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस हवलदार अजय शुक्ला और नितीन वर्मा को अपने भरोसेमंद मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि रिकॉर्डधारी अपराधी अंशुल गजबे तहसील थाने में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले में वांछित है। सूचना में यह भी बताया गया कि उसने एक अन्य स्थान से भी वाहन चोरी की है और वह रेलवे स्टेशन क्षेत्र में घूम रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर में तलाश शुरू की। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पंचों की मौजूदगी में पूछताछ पर उसने अपना नाम अंशुल नितीन गजबे (24), निवासी प्लॉट नंबर 198, एनआईटी गार्डन के पास, दत्तात्रय नगर, नागपुर बताया।
पूछताछ में उसने इमामवाड़ा थाना क्षेत्र से वाहन चोरी की बात कबूल की। उसके कब्जे से होंडा एक्टिवा मोपेड (एमएच 34 एएक्यू 8403) जब्त की गई। रिकॉर्ड जांचने पर इमामवाड़ा थाने में इस मोपेड की चोरी का मामला दर्ज मिला।
आगे की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तहसील थाना क्षेत्र में मेयो अस्पताल परिसर से एक दोपहिया वाहन चुराया था। झीरो माइल की ओर जाते समय रास्ते में पुलिस दिखने पर वह वाहन वहीं छोड़ गया, जिसे बाद में राहुल उर्फ छोटा तिवारी ने चुरा लिया। राहुल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस तरह इमामवाड़ा और तहसील थाना क्षेत्रों के वाहन चोरी के दो मामले सुलझे हैं। आरोपी वारदात के बाद से अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था और पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था। उसे मुद्देमाल सहित आगे की कार्रवाई के लिए इमामवाड़ा पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नविनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (गुन्हे) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त (गुन्हे शाखा) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक पप्पू कादरी, पुलिस हवलदार अजय शुक्ला, नितीन वर्मा, सचिन बढीये, राहुल कुसरामे, शंभुसिंह किरार, रोशन तिवारी, विलास कोकाटे और चालक पुलिस अंमलदार अभय ढोणे ने की।