लकडगंज पुलिस की कार्रवाई: तड़ीपार आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार
Published on 12 October 2026
नागपुर। लकडगंज पुलिस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र से तड़ीपार किए गए एक युवक को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3.30 बजे की गई।
पुलिस के अनुसार, लकडगंज थाने का जांच दल क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान उसे विश्वसनीय सूचना मिली कि गंगाजमुना बस्ती में हीररांझा बार के पीछे नीली-सफेद शर्ट और जींस पैंट पहना एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पंचों की मौजूदगी में पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नीलू उर्फ निलेश विलासदास सोनवानी (23), निवासी मासुरकर चौक, नागपुर बताया। वह राठी नामक व्यक्ति के घर किराए पर रहता है। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।
थाने लाकर आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि पुलिस उपायुक्त, परिमंडल क्रमांक 3 के तड़ीपारी आदेश क्रमांक 04/2024 के तहत उसे 4 मार्च 2026 को आदेश की तामील के बाद दो वर्ष के लिए नागपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से तड़ीपार किया गया था। इसके बावजूद वह बिना अनुमति शहर में पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 142, 135 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4, 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। उसके पास से 300 रुपये मूल्य का चाकू जब्त किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (परि. क्र. 3) राहुल मदने और सहायक पुलिस आयुक्त (लकडगंज विभाग) शिवप्रसाद पारवे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद कवाडे, उपनिरीक्षक सागर शिंदे, हवलदार निलेश घायवट, सतीश निमजे तथा सिपाही प्रभाकर, शकील, देवेंद्र, नौशाद और रूपेश ने की।