मध्य प्रदेश पवेलियन बना आईटीबी एशिया 2026 का मुख्य आकर्षण
Published on 22 October 2026
सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेले 'आईटीबी एशिया 2026' में मध्य प्रदेश पवेलियन देश-विदेश के प्रतिनिधियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सिंगापुर में भारत की उच्चायुक्त डॉ. शिल्पका अंबुले ने मरीना बे सैंड्स स्थित सैंड्स एक्सपो एंड कन्वेंशन सेंटर में पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पर्यटन सचिव एवं मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी., विभागीय अधिकारी और वैश्विक पर्यटन उद्योग के प्रमुख हितधारक उपस्थित रहे।
पवेलियन को राज्य की समृद्ध विरासत, संस्कृति, वन्यजीव, अध्यात्म, वेलनेस और सतत पर्यटन की थीम पर सजाया गया है। यहाँ पहुँचने वाले अंतरराष्ट्रीय आगंतुक वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अनुभव ले रहे हैं। पारंपरिक आतिथ्य के तहत जीआई टैग प्राप्त मुरैना की गजक और रतलामी सेव भी विदेशी मेहमानों को खूब पसंद आ रही है।
तीन दिवसीय यह मेला 23 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की टीम सिंगापुर और दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों और निवेशकों के साथ लगातार बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें कर रही है। इनका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रा पैकेजों और यात्रा कार्यक्रमों में मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रमुखता से शामिल कराना और राज्य में पर्यटन निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों के अनुसार, इस भागीदारी से एशियाई आउटबाउंड पर्यटन बाज़ार की प्राथमिकताओं और नए रुझानों को समझने में मदद मिलेगी। इससे भविष्य की मजबूत विपणन रणनीति तैयार होगी, जिससे मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में पहचान मिलेगी और विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।