नागपुर में GST के 3 अधिकारियों पर गंभीर आरोप FIR की मांग
Published on 17 October 2026
नागपुर। शहर के इतवारी अनाज बाजार के व्यापारी भावेश चंद्रकांत गांधी ने जीएसटी विभाग के तीन अधिकारियों के खिलाफ सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अधिकारियों पर कारोबार ठप कराने, परिवार को मानसिक रूप से परेशान करने, दबाव डालकर कोरे कागजों और बयानों पर हस्ताक्षर करवाने तथा धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। गांधी ने मुख्यमंत्री और पुलिस आयुक्त को भी शिकायत भेजकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
भावेश गांधी के अनुसार, वह इतवारी स्थित न्यू आयरन मार्केट में व्यापार करते हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक, 20 जुलाई 2026 को जीएसटी विभाग के अधिकारी प्रशांत, देवेंद्रकुमार मरकाम और किशन यादव उनके घर पहुंचे थे। गांधी का आरोप है कि इस दौरान उनके परिवार को परेशान किया गया और दबाव बनाकर उनसे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। उन्हें आशंका है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल उन्हें झूठे मामलों में फंसाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों पर धमकी देने और उनकी व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है।
व्यापारी ने अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में संबंधित जीएसटी अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पुलिस का आधिकारिक पक्ष भी सामने नहीं आया है। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।