नागपुर में 52.700 ग्राम MD ड्रग्स जब्त दो आरोपी गिरफ्तार
Published on 3 November 2026
नागपुर में MD ड्रग्स की अवैध बिक्री के खिलाफ क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 52.700 ग्राम MD ड्रग्स बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:10 से 6:20 बजे के बीच एंटी नारकोटिक्स टीम सक्करदरा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि भांडे प्लॉट चौक स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने सार्वजनिक सड़क पर दो युवक डीओ मोपेड के साथ MD ड्रग्स बेचने के लिए खड़े हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज गोपालराव कठाने (30) और हर्षल विनोद अबगड (25), दोनों निवासी नंदनवन झोपड़पट्टी, नागपुर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 52.700 ग्राम MD ड्रग्स बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह ड्रग्स हाशिम शेख (25), ईशांत उर्फ गोल्डी निकोले (35) और प्रवीण टेंपे (32) की मदद से बिक्री के लिए लाया गया था।
पुलिस ने MD ड्रग्स, तीन मोबाइल फोन और एक डीओ मोपेड सहित कुल 2 लाख 68 हजार 100 रुपये का माल जब्त किया है।
इस मामले में सक्करदरा पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट की धारा 8(क), 22(क) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए सक्करदरा पुलिस के हवाले किया गया है। वहीं, फरार बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।