नागपुर में प्रतिबंधित गुटखा का बड़ा स्टॉक जब्त आरोपी के घर से ₹2.23 लाख का माल बरामद
Published on 6 November 2026
नागपुर में प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एस्कॉर्ट पथक ने कलमना थाना क्षेत्र में छापेमारी कर प्रतिबंधित गुटखा और सुगंधित पान मसाला का बड़ा स्टॉक जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने 35 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 लाख 23 हजार 503 रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे एस्कॉर्ट पथक के अधिकारी और कर्मचारी गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गोपनीय सूचना मिली कि कलमना थाना क्षेत्र के न्यू ओम साईं नगर, प्लॉट नंबर 16 और 17, जुना कामठी रोड स्थित एक मकान में प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों का अवैध भंडारण किया गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित मकान पर छापेमारी की। यहां मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान लखन छत्रो छाड़ी, उम्र 35 वर्ष, निवासी घटनास्थल के रूप में बताई। पुलिस द्वारा घर की तलाशी लेने पर बेडरूम और स्टोर रूम में अलग-अलग कंपनियों के प्रतिबंधित गुटखा तथा सुगंधित पान मसाला का स्टॉक मिला।
पुलिस ने कुल 2,23,503 रुपये का प्रतिबंधित माल जब्त किया। आरोपी पर स्वयं के आर्थिक लाभ के लिए प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों का अवैध भंडारण और बिक्री करने का आरोप है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सहायक आयुक्त रवीना बबन नागले की शिकायत पर कलमना पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को जब्त माल सहित आगे की कार्रवाई के लिए कलमना पुलिस के हवाले किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील के मार्गदर्शन में एस्कॉर्ट पथक के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा की गई।