नागपुर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत चालक फरार
Published on 5 November 2026
नागपुर के सीताबर्डी इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। फ्रीडम पार्क चौक के पास एक आयशर ट्रक ने पैदल जा रही 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। मृतक महिला की पहचान चंद्रकला रामदयाल रोडे (61), निवासी प्लॉट नंबर 40, राधानगर, नरसाला रोड, दिघोरी, नागपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि चंद्रकला रोडे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रेलवे स्टेशन शाखा में पीएफ से संबंधित पूछताछ के लिए जा रही थीं। इसी दौरान सीताबर्डी पुलिस थाना क्षेत्र के फ्रीडम पार्क चौक पर आयशर ट्रक क्रमांक MH-40-N-4449 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
इस मामले में मृतका के बेटे अमोल रामदयाल रोडे (35) की शिकायत पर सीताबर्डी पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(B) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134, 177, 184 और 187 के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।