नागपुर में चोरी की कोशिश दुकानदार पर चाकू से हमला दो बालकों पर केस दर्ज
Published on 24 October 2026
नागपुर के कपिलनगर थाना क्षेत्र से चोरी और चाकू से हमले का मामला सामने आया है। यहां किराना दुकान में चोरी करने पहुंचे दो विधि संघर्षग्रस्त बालकों ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में दुकानदार घायल हो गए। स्थानीय नागरिकों की मदद से एक आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लैंडेनगर स्थित प्लॉट नंबर 6/12 में रहने वाले 53 वर्षीय प्रमोद झाडूजी नागभिड़े अपने घर में ही ‘गोल्डी किराना स्टोर्स’ नाम से दुकान चलाते हैं। 23 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे जब वे घर में सो रहे थे, तभी उन्हें दुकान का शटर खड़खड़ाने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर बाहर आने पर उन्होंने दुकान के सामने एक मोपेड खड़ी देखी। दुकान का शटर आधा खुला हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति शटर के नीचे से बाहर निकलकर भाग गया। दूसरा व्यक्ति भी दुकान से बाहर निकलकर भागने की कोशिश कर रहा था। दुकानदार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने अपने हाथ में मौजूद चाकू से उन पर वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
इसके बाद आरोपी अपनी मोपेड से भागने की कोशिश करने लगा। दुकानदार के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पकड़े गए दोनों आरोपी विधि संघर्षग्रस्त बालक पाए गए। दुकान की जांच में गल्ले से 1,300 रुपये चोरी होने की बात सामने आई।
दुकानदार की शिकायत पर कपिलनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।