नागपुर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी के आरोप में तीन गिरफ्तार 1.2 किलो गांजा जब्त
Published on 13 October 2026
नागपुर, 13 अक्टूबर: नागपुर शहर पुलिस की गुन्हेशाखा के अंमली पदार्थ विरोधी पथक ने पाचपावली थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गांजा रखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को तड़के 4:30 बजे से 6:10 बजे के बीच पथक के अधिकारी और कर्मचारी गश्त पर थे। इसी दौरान पाचपावली थाना क्षेत्र के ताजनगर टेका इलाके में एक घर के सामने सार्वजनिक सड़क पर सुजुकी मोपेड के पास खड़े कुछ लोगों पर संदेह हुआ। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर नाम-पते पूछे।
आरोपियों की पहचान सलमान अब्दुल रहमान अंसारी (31), निवासी यशोधरानगर चौक संदीप उर्फ भुऱ्या गणेश लिल्लारे (22), निवासी आराधना नगर, बिडगांव, भांडेवाड़ी और अतीकुर रेहमान मोबीन रेहमान अंसारी (29), निवासी योगी अरविंद नगर, यशोधरानगर के रूप में हुई है।
मादक पदार्थ रखने के पुख्ता संदेह पर एनडीपीएस कानून के प्रावधानों का पालन करते हुए पंचों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। इसमें हरे रंग का 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत एक लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा, दो मोबाइल फोन और सुजुकी एक्सेस मोपेड सहित कुल दो लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आर्थिक लाभ के लिए गांजा बेचने की नीयत से उसे अपने पास रखे हुए थे। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 20(ब)(ii) और 29 के तहत पाचपावली थाने में मामला दर्ज किया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर मुद्देमाल सहित पाचपावली पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह. पुलिस आयुक्त नविनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (गुन्हे) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त (गुन्हेशाखा) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पोनि भारत क्षीरसागर और उनकी टीम ने की।