नागपुर के बेलतरोडी में घर में सेंधमारी लाखों का माल चोरी अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
Published on 10 October 2026
नागपुर। बेलतरोडी पुलिस थाना क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। चोर नकदी और सोने के गहनों समेत कुल 5 लाख 90 हजार रुपये का माल उड़ा ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 अक्टूबर 2026 की दोपहर 12 बजे से 9 अक्टूबर 2026 की शाम 6 बजे के बीच की है। निरंजन नगर में दुर्गा मंदिर के पास प्लॉट नंबर 3-ए पर स्थित देशमुख के मकान में किराये पर रहने वाले संदीपकुमार मृत्युंजय शाहू (36) अपने घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ बाहरगांव एक रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में गए थे।
इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गया। चोर ने बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी से 60 हजार रुपये नकद और सोने के विभिन्न आभूषण चुरा लिए। चोरी गए माल की कुल कीमत 5 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर बेलतरोडी थाने के पुलिस उपनिरीक्षक अमोल शिंदे ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(3) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।