नागपुर के कलमना में दुकान से 1.64 लाख रुपये का स्क्रैप चोरी चंद्रपुर के तीन आरोपी गिरफ्तार
Published on 27 October 2026
नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किया गया तांबा-पीतल का स्क्रैप और वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन, कुल 4 लाख 54 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विवेक शंकर शाहू, उम्र 27 वर्ष, की नागपुर के नर्मदा नगर, पावनगांव रोड पर ‘तिरुपति मेटल्स स्क्रैप’ नाम से दुकान है। 13 अक्टूबर 2026 की रात 10 बजे से 14 अक्टूबर की सुबह 10 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने दुकान में प्रवेश किया और काउंटर में रखे 10 हजार रुपये नकद के साथ करीब 140 किलोग्राम तांबा-पीतल का स्क्रैप चोरी कर लिया। चोरी हुए माल की कुल कीमत लगभग 1 लाख 64 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में शिकायत के आधार पर कलमना पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। इसके बाद जाल बिछाकर चंद्रपुर जिले के वरोरा स्थित हनुमान वार्ड, पंकज टॉकीज के पास रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें व्यंकटेश हरी बदखल, उम्र 31 वर्ष, मनोहर नारायण दांडेकर, उम्र 38 वर्ष और भीमा रामदास दांडेकर, उम्र 42 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उनके पास से चोरी का स्क्रैप और वारदात में इस्तेमाल किया गया टाटा पिकअप वाहन जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।