नागपुर के इमामवाड़ा में जुआ खेलते 7 आरोपी गिरफ्तार ₹64,100 का माल जब्त
Published on 29 October 2026
नागपुर। शहर में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इमामवाड़ा पुलिस ने सात आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगेहाथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, ताश के पत्ते, एक मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित कुल 64 हजार 100 रुपये का माल जब्त किया है। इस मामले में महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को रात करीब 8 बजे इमामवाड़ा पुलिस की टीम को गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि सिरसपेठ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत गजानन आटा चक्की के पास, स्वीपर कॉलोनी स्थित शेखर जुगले के घर में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में घटनास्थल पर छापा मारा। इस दौरान रितेश शेखर जुगले, अनुप तोता आंबेडकर, अरमान विजय मोगरे, दुर्गाप्रसाद हिरालाल बक्सरे, सुनील राजू जुगले, योगेश पवन शुक्लावार और बबलू भोजराज मनपिया को कथित तौर पर जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 4,100 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, एक मोबाइल फोन और एमएच-49-जेड-7445 नंबर की सफेद एक्टिवा जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 64,100 रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस उपनिरीक्षक अजय कुंवर की शिकायत पर इमामवाड़ा पुलिस थाने में पुलिस उपनिरीक्षक धनराज काकड़े ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।