दीक्षाभूमि परिसर से 144 टन कचरा उठाया 58 हजार से अधिक यात्रियों ने आपली बस सेवा का लाभ उठाया
Published on 21 October 2026
नागपुर, 21 अक्टूबर। 70वें धम्मचक्र प्रवर्तन दिन के अवसर पर नागपुर महानगरपालिका के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग ने दीक्षाभूमि परिसर में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की। सफाई कर्मचारियों ने अहोरात्र काम कर तीन दिनों में परिसर से कुल 144 टन कचरा उठाया। अंबाझरी, बेजनबाग और उंटखाना क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाया गया। नगर निगम ने तीन पालियों में 872 सफाई कर्मचारी, 234 कचरा संग्राहक, 108 वाहन, 190 कचरा पात्र, तीन सक्शन मशीन और तीन चोकिंग मशीन तैनात कीं। भंडेवाड़ी में कचरे के निस्तारण के लिए चार कॉम्पैक्टर का उपयोग किया गया। 18 अक्टूबर से निगम कर्मचारी 24 घंटे तीन पालियों में काम कर रहे थे और प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया था। महापौर नीता ठाकरे और आयुक्त डॉ. विपिन के निर्देशन में यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई। आयुक्त ने 20 अक्टूबर को स्वयं निरीक्षण कर अनुयायियों से व्यवस्थाओं पर प्रतिक्रिया ली। परिसर में 21 डोम, 1,200 शौचालय, 120 पेयजल नल और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की गई। सुरक्षा के लिए 44 स्थायी और 16 अस्थायी सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध कराए गए। परिवहन विभाग ने 18 से 20 अक्टूबर के बीच दीक्षाभूमि से ड्रैगन पैलेस, चिचोली स्थित शांतिवन और शहर के अन्य हिस्सों के लिए विशेष आपली बस सेवा चलाई, जिसका 58,084 यात्रियों ने लाभ उठाया। इसके लिए 267 बसें तैनात की गई थीं। 20 अक्टूबर को सर्वाधिक 41,175 अनुयायियों ने ड्रैगन पैलेस के लिए बस सेवा का उपयोग किया। नगर निगम प्रशासन ने लाखों अनुयायियों की उपस्थिति के बावजूद शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सफलता प्राप्त की।