अजनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 'द गैलक्सी सैलून' में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा १५ जुआरी गिरफ्तार
Published on 19 August 2026
नागपुर शहर में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में अजनी पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अजनी थाना क्षेत्र के नाईक नगर स्थित 'द गैलक्सी सैलून' की पहली मंजिल पर छापा मारा। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगाकर हार-जीत का अवैध जुआ खेल रहे १५ आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा।
पुलिस की इस औचक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। पकड़े गए जुआरियों के पास से पुलिस ने कुल ८,०५,८००/- रुपये मूल्य का माल जप्त किया है। इस जप्ती में १,३००/- रुपये नकद, विभिन्न रंगों और रकम के प्लास्टिक कॉइन्स, दो लेनोवो कंपनी के टैब, ग्यारह मोबाइल फोन, एक की-पैड फोन के अलावा जुआरियों के दोपहिया और चारपहिया वाहन भी शामिल हैं।
अजनी पुलिस ने सभी १५ आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध जुआ अड्डों और इस प्रकार की गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी जांच कर रही है